रायगढ़ मुनादी।। शहर के एकमात्र प्रमुख खेल मैदान नटवर स्कूल मैदान में आयोजित किए जा रहे स्वदेशी मेले को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में भरी आक्रोश देखी जा रही है। खिलाड़ियों का कहना है कि लगभग 45 दिनों तक लगने वाला मेला मैदान को व्यावसायिक गतिविधियों का केंद्र बना रहा है, जिससे खेल अभ्यास प्रभावित हो रही हैं और बच्चों व खिलाड़ियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
खिलाड़ियों ने बताया कि नटवर स्कूल मैदान शहर का प्रमुख खेल स्थल है, जहां प्रतिदिन सुबह और शाम कई बच्चे, युवा खिलाड़ी तथा जॉगिंग करने आते हैं। गर्मियों की छुट्टियों के कारण इन दिनों बच्चों की संख्या और भी बढ़ गई है। ऐसे में मैदान में मेला लगाए जाने से खेल गतिविधियों के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल रही है।
पूर्व में जिला प्रशासन ने खेल मैदान को सुरक्षित रखने और खिलाड़ियों को सुविधा देने के उद्देश्य से मैदान में निजी व्यावसायिक आयोजनों, शॉपिंग मेलों और दुकानों पर रोक लगाने की बात की थी, जिसका खेल जगत ने भरपूर स्वागत किया था। लेकिन अब दोबारा मैदान में स्वदेशी मेले का आयोजन किए जाने से खिलाड़ियों में रोष बढ़ गया है।
इस संबंध में खिलाड़ियों और खेल संगठनों ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि खिलाड़ियों के हित को ध्यान में रखते हुए स्वदेशी मेले को नटवर स्कूल मैदान से हटाया जाए, ताकि बच्चों और खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए पर्याप्त जगह मिल सके।