रायगढ़ मुनादी।। साइबर और चक्रधर नगर थाने की पुलिस टीम ने पड़ोसी राज्य ओडिसा से किराये की कार में गांजा लेकर आ रहे तीन आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों के पास से पुलिस ने सवा 36 किलो गांजा, कार के अलावा मोबाईल फोन जब्त करते हुए एनडीपीएस एक्ट की कार्रवाई की है। जब्त गांजा और संपत्ति की कीमत करीब 15 लाख 60 हजार रूपये बताई गई है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।
रायगढ़ पुलिस ने आज बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि पड़ोसी राज्य ओडिसा से एक सफेद रंगे की कार में अवैध रूप से गांजा लाकर रायगढ़ क्षेत्र के अलग-अलग क्षेत्र में खपाया जाना है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने बंगुरसिया ढाबा के पास नाकेबंदी के दौरान संदिग्ध कार क्रमांक सीजी 13 एजेड 4603 को रोका, इस दौरान कार में डोल नारायण साहू, 27 साल, नीलकमल साव 24 साल, और आशीष कुमार सिंह 29 साल सवार थे।
कार की तलाश लेने के दौरान पुलिस ने दो प्लास्टिक बोरियों में कुल 36 किलो 170 किलोग्राम गांजा को जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत कीमत 3 लाख 50 हजार रूपये बताई जा रही है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त कार और आरोपियों के मोबाईल फोन भी जब्त किया गया है। जब्त कार की कीमत 12 लाख रूपये बताई जा रही है। इस तरह कुल जुमला जब्ती की कीमत करीब 15 लाख 60 हजार रुपये है।
आरोपी आशीष ने पुलिस को यह भी बताया कि गढ़उमरिया में उसका स्वंय का चाय नाश्ता का होटल है जिसका संचालन वह तथा उसके माता पिता मिलकर करता है। 18 अपै्रल को वह अपने दोनों दोस्तों को बताया कि ओडिसा में रहने वाला उसका एक दोस्त पर किलो 4 हजार रूपये गांजा देता है। वहां से गांजा लाकर रायगढ़ में 10 हजार में बेचने और पैसे को आपस में बांटने की बात कही गई।
आरोपियों ने अपने ही गांव से कार को प्रतिदिन 1500 तथा 10 रूपये प्रति किलोमीटर पेट्रोल के हिसाब किराये पर लेकर 19 अपै्रल की सुबह 7 बजे तीनों पहले ओडिसा के संबलपुर में स्थित हीराकंुड डेम पहुंचे। जहां तालाब के पास एक युवक को उन्होंने 1 लाख 40 हजार रूपये दिया तब उसने दो प्लास्टिक में गांजा दिया था जिसे तीनो किराये के कार में लेकर रायगढ़ आ रहे थे इसी बीच तीनों पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ओड़ीसा से गांजा लाकर तीनों मिलकर उसकी बिक्री करते थे और प्राप्त रकम को आपस में बांटते थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20 (बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।