रायगढ़ मुनादी।। नहरपाली में स्थिति जेएसडब्ल्यू में गत 13 मई की सुबह वहां काम कर मजदूरों के ऊपर खौलता हुआ भाप गिर जाने की घटना में 2 लोग गंभीर रूप से झुलस कर घायल हो गए थे, जिन्हें उपचार के लिए एयर एंबुलेंस से मुंबई भेजा गया था, जहां दूसरे मजदूर की भी मौत हो गई। इस घटना में घायल हुए एक मजदूर की मौत एक सप्ताह पहले ही हो चुकी है।
मिली जानकारी के अनुसार 13 मई की सुबह तकरीबन 10 बजे जेएसडब्ल्यू कंपनी में सभी मजदूर अपने अपने कार्य मे व्यस्त थे , ठीक इसी दौरान डीआरआई में काम कर रहे तीन मजदूर लक्ष्मी एवं लोकेश्वर व एक अन्य के ऊपर खौलता हुआ भाप गिर गया, जिससे इनमें से दो मजदूर 50 प्रतिशत गंभीर रूप से झुलस कर घायल हो गए थे। इनमें से दो घायल मजदूरों को गंभीर हालात में एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था।
जहां स्थिति में सुधार नहीं होने पर उन्हें एयर एंबुलेंस से मुंबई भेजा गया था, इस हादसे में एक सप्ताह पहले एक मजदूर की मौत हो गई थी वहीं आज सुबह तकरीबन पांच बजे दूसरे घायल मजदूर लकेश्वर पिता आनंदराम बंजारा 37 साल निवासी कुररूभांठा की मौत हो गई। मृतक श्रमिक का शव कल शाम तक रायगढ़ पहुंचने के बाद परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।
इस संबंध में सबसे गौरतलब बात यह है कि दुर्घटना होने के बाद फैक्ट्री प्रबंधन पर कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की जाती इससे सुरक्षा को लेकर प्रबंध बहुत ज्यादा सतर्कता नहीं दिख पाता। औद्यौगिक सुरक्षा एवं स्वस्थ विभाग और पुलिस दोनों की ओर से FIR दर्ज की जाती है लेकिन कोई बड़ा जुर्माना या बड़ी सजा वाली धारा न लग पाने की स्थित में कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हो पाती है।
औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वस्थ विभाग द्वारा जहां इस मामले में फैक्ट्री प्रबंधक और कार्यपालक निदेशक को आरोपी बनाया जाता है वहीं पुलिस इस मामले में सिर्फ कारखाना प्रबंधक पर ही FIR दर्ज करती है। फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा यह हवाला दिया जाता है कि प्लांट में ज्यादा काम नहीं हो रहा है लेकिन फिर भी इतनी दुर्घटना हो रही है। पिछले साल ही इस फैक्ट्री में 5 लोग झुलस गए थे जिनमें 2 की मौत हो गयी थी।
मृतक लकेश्वर बंजारा फैक्ट्री के पास के ही गांव कुररू भांठा का निवासी बताया जा रहा है। हालांकि अभी तक उसके परिजनों की ओर से कोई बयान तो नहीं आया है लेकिन गांव में आक्रोश है।