जशपुर मूनादी ।। कुनकुरी नगर के विसर्जन तालाब से हटाए गए 100 फीट ऊंचे तिरंगे को आखिरकार पुनः स्थापित कर दिया गया है। इस पूरे घटनाक्रम में मूनादी डॉट कॉम की खबर का एक बार फिर बड़ा असर देखने को मिला।
एक सप्ताह पहले नगर के प्रमुख स्थल विसर्जन तालाब से तिरंगा हटाए जाने के बाद नगरवासियों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर सवाल उठाए जा रहे थे कि आखिर राष्ट्र गौरव के प्रतीक इस तिरंगे को क्यों हटाया गया।
सोमवार सुबह मूनादी डॉट कॉम ने इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित करते हुए नगरवासियों की जिज्ञासाओं और सवालों को सामने रखा। खबर प्रकाशित होने के कुछ ही घंटों बाद नगर पंचायत ने तिरंगे को पुनः स्थापित कर दिया, जिसके बाद नगरवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
नगर पंचायत अधिकारियों के अनुसार तिरंगे को किसी अन्य कारण से नहीं बल्कि तकनीकी त्रुटि के चलते अस्थायी रूप से हटाया गया था। तकनीकी समस्या दूर होते ही इसे पुनः लगा दिया गया।
नगरवासियों का कहना है कि मूनादी डॉट कॉम ने जनभावनाओं से जुड़े इस मुद्दे को मजबूती से उठाया, जिसके बाद प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई की। अब एक बार फिर विसर्जन तालाब के ऊपर 100 फीट की ऊंचाई पर तिरंगा शान से लहरा रहा है और नगरवासियों को राष्ट्रप्रेम का संदेश दे रहा है।