जशपुर मूनादी ।। वीवीआईपी विधानसभा कुनकुरी का दुलदुला जनपद इन दिनों सुर्खियों में तो है ही साथ ही साथ इस जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष रविन्द्र गुप्ता भी इन दिनों सोशल मीडिया में काफी सुर्खियां बटोर रहे हैं। अपनी अलग कार्यशैली और लगातार जमीनी सक्रियता को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बने हुए हैं। आमतौर पर देखा ये जाता है कि खाशकर पंचायत के जनप्रतिनिधियों की भूमिका बैठकों और औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित मानी जाती है, लेकिन रविन्द्र गुप्ता ने इस परंपरागत छवि से अलग रास्ता चुना है। यही वजह है कि उनकी सक्रियता की चर्चा हर जगह है चाहे मीडिया हो या सोशल मीडिया या गांव की चौपाल।
पहली बार जनपद सदस्य चुने गए रविन्द्र गुप्ता ने अपनी पहली ही पारी में जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष का पद संभाला और उसके बाद से लगातार मैदान में नजर आ रहे हैं। कभी सरकारी स्कूलों का निरीक्षण करते हैं, तो कभी महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों के साथ योजनाओं की समीक्षा बैठक करते दिखाई देते हैं। पंचायत सचिवों और कर्मचारियों के साथ बैठकर विकास कार्यों की प्रगति पर नजर रखना भी उनकी कार्यशैली का हिस्सा बन चुका है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रविन्द्र गुप्ता केवल बैठकों तक सीमित रहने वाले जनप्रतिनिधि नहीं हैं, बल्कि योजनाओं के धरातल पर क्रियान्वयन की भी लगातार निगरानी करते हैं। यही कारण है कि कम समय में उन्होंने एक सक्रिय, जवाबदेह और मैदान में काम करने वाले जनप्रतिनिधि की पहचान बनाई है।
रविन्द्र गुप्ता उस समय पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गए जब उन्होंने एक सरकारी स्कूल की बाउंड्रीवाल अपने निजी खर्च से बनवाने की पहल की। समर्थकों ने इसे जनसेवा का उदाहरण बताया, जबकि विरोधियों ने इसे राजनीतिक कदम करार दिया। इस मुद्दे ने क्षेत्र की राजनीति में नई बहस भी छेड़ दी।
दुलदुला की राजनीति में रविन्द्र गुप्ता की बढ़ती सक्रियता अब साफ तौर पर दिखाई देने लगी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कम समय में उन्होंने अपनी मजबूत पहचान बनाई है। यही कारण है कि जहां एक ओर उन्हें जनता का समर्थन मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर उनकी ही पार्टी के कुछ नेताओं में असहजता भी महसूस की जा रही है।
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा आम है कि रविन्द्र गुप्ता की लगातार सक्रिय मौजूदगी और बढ़ती लोकप्रियता ने कई स्थापित नेताओं की चिंता बढ़ा दी है। समय-समय पर उनके खिलाफ बयानबाजी और विरोध भी इसी सियासी खींचतान का हिस्सा माना जा रहा है।
रविन्द्र गुप्ता ने "मूनादी डॉट कॉम" से चर्चा के दौरान कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री और हमारे क्षेत्र के विधायक विष्णुदेव साय लगातार क्षेत्र में विकास का कार्य रहे है ।सरकार की ओर से क्षेत्र के विकास के लिए लाखों करोड़ों रुपये दे रहे है उन राशि का सही जगह और सही तरीके से उपयोग हो इसका ध्यान रखना जरूरी है। राजनीति अपनी जगह है लेकिन क्षेत्र का विकास सबसे पहले हैं ।
फिलहाल दुलदुला की राजनीति में रविन्द्र गुप्ता का नाम तेजी से उभर रहा है। उन्हें क्षेत्र के नए युवा नेता के तौर पर देखा जा रहा है। हांलाकि विरोधी उनकी बढ़ती लोकप्रियता को चुनौती देने में जुटे हैं। अब आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि उनकी यह आक्रामक और जमीनी कार्यशैली उन्हें क्षेत्रीय राजनीति में कितना बड़ा मुकाम दिलाती है।