रायगढ़ मुनादी।। खाना खाने के बाद पत्तल को बाहर फेंकने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद गांव के कोटवार ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर एक ग्रामीण की चाकू गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। मामला तमनार थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार 30 मई की रात तमनार पुलिस को सूचना मिली कि उरबा गांव निवासी दामोदर राठिया 37 साल को गंभीर चोट आने की स्थिति में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी के बाद गांव पहुंचे पुलिस को मृतक के बहनोई अवधराम राठिया ने पुलिस को बताया कि वह अपनी छोटी बेटी के साथ दामोदार राठिया के घर गया था। जहां रात में उरबा गांव के कोटवार हरिराम चौहान उसका पुत्र आकाश चौहान तथा एक अन्य नाबालिग ने मिलकर दामोदार राठिया के साथ मारपीट की। इस दौरान आकाश चौहान और नाबालिग ने चाकू दामोदर पर हमला किया। बीच बचाव लोगों के साथ भी उन्होंने मारपीट की।
परिजनों की रिपोर्ट के बाद तमनार पुलिस आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के अपराध पंजीबद्ध करते हुए आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इस दौरान आरोपियों ने बताया कि घटना की रात दामोदर राठिया ने हरिराम चौहान को भोजन के लिए बुलाया था। भोजन के बाद उपयोग किए गए पत्तल को बाहर फेंकने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। इसी दौरान हरिराम चौहान, आकाश चौहान और नाबालिग ने लाठी-डंडे एवं चाकू से हमला कर दामोदर राठिया को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी हरिराम चौहान (60 वर्ष), आकाश चौहान (22 वर्ष) तथा विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर उनके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त डंडा एवं चाकू बरामद किया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सक्षम न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।