रायगढ़ मुनादी।। बुधवार की सुबह डोरी बिनने गई महिला को हाथी ने कुचलकर मौत के घाट उतार दिया है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहंुची वन विभाग की टीम आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामला खरसिया रेंज का है।
मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ वन मंडल के अंतर्गत खरसिया रेंज के कुकरीचोली गांव के पटेलपारा निवासी महिला चंद्रकला डनसेना रोजाना की भांति आज सुबह तकरीबन 9 बजे डोरी बिनने स्कूल के पास स्थित अपने खेत गई हुई थी। इस दौरान महिला का हाथी से सामना हो गया। जिसके बाद हाथी ने बुजुर्ग महिला को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग महिला के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी पतासाजी कर रहे थे, इसी बीच खेत में महिला की लाश मिली।
ग्रामीणों की सूचना के बाद वन विभाग की टीम के अलावा खरसिया पुलिस मौके पर पहुंचकर मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल भेजते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है। गांव के ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ समय से उनके गांव में हाथियों का एक दल बड़ा दल विचरण कर रहा है। आज सुबह हुई घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।